नाहन से रेणुका जी जा रहे दो युवक 6.95 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचे, कार भी जब्त

नाहन : जिला सिरमौर में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रेणुका जी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नाहन-रेणुका जी मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 6.95 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने कार सवार दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (ND&PS Act) के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार 6 मई को रेणुका जी पुलिस की एक टीम खदाल मंदिर मोड़ के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि दो व्यक्ति कार (संख्या HP 63C 2969) में नाहन की ओर से चिट्टे की खेप लेकर रेणुका जी की तरफ आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना वक्त गंवाए खदाल मंदिर से कुछ आगे सड़क पर नाकाबंदी कर दी और आने-जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी शुरू की।

नाकेबंदी के दौरान जब संदिग्ध कार को रोका गया, तो चालक ने अपनी पहचान रोहित परमार, पुत्र स्वर्गीय श्री शिवपाल (निवासी ददाहू) और साथ बैठे व्यक्ति ने अपनी पहचान बलिन्द्र सिंह, पुत्र श्री पृथ्वी सिंह (निवासी गांव खेना, तहसील ददाहू) के रूप में दी। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली, तो डैशबोर्ड में रखे एक सिगरेट के पैकेट ने संदेह पैदा किया। पैकेट को खोलने पर उसके भीतर से 6.95 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशे की खेप को कब्जे में लेकर आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

थाना रेणुका जी में आरोपियों के खिलाफND&PS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है। जांच अधिकारी अब इस बात की तह तक जाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी नशे की यह खेप कहां से खरीद कर लाए थे और क्षेत्र में इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।