नाहन हिंसा मामला: 11 आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, जेल भेजे गए

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक बाल्मीकि चौक पर 23 अक्टूबर को हुए हिंसक बवाल, पथराव और सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में बड़ी अपडेट सामने आई है। 3 दिन का पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद नाहन पुलिस ने आज सभी 11 गिरफ्तार आरोपियों को पुनः माननीय अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से अदालत ने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश जारी कर दिए हैं।

मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए डीएसपी नाहन शक्ति सिंह ने बताया कि 23 अक्टूबर को बाल्मीकि चौक पर हुए हिंसक विवाद, पुलिस कर्मियों पर पथराव और उपद्रव के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए सभी 11 आरोपियों की 3 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड अवधि आज पूरी हो गई थी। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और गहन पूछताछ की है।

डीएसपी शक्ति सिंह ने बताया कि आज रिमांड अवधि समाप्त होने पर सभी 11 आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेशानुसार उन्हें 14 दिन के ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में निष्पक्ष जांच जारी है और घटना में शामिल किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।