नौणी विश्वविद्यालय में डॉ. डी.पी. शर्मा बने निदेशक प्रसार शिक्षा, डॉ. बी.एस. दिल्टा ने संभाला विभागाध्यक्ष का पद

Photo of author

By Hills Post

सोलन: डॉ यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी  ने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक एवं प्रसार गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की है। डॉ धर्म पाल शर्मा ने विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में निदेशक प्रसार शिक्षा का कार्यभार संभाल लिया है। इसके साथ ही वे कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, नौणी के अधिष्ठाता (डीन) का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे हैं।

डॉ. शर्मा बागवानी प्रबंधन (ऑर्चर्ड मैनेजमेंट) के विशेषज्ञ एवं प्रख्यात वैज्ञानिक हैं। उन्होंने विश्व बैंक तथा हिमाचल प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा वित्तपोषित कई महत्वपूर्ण अनुसंधान परियोजनाओं का नेतृत्व किया है, जिनका मुख्य उद्देश्य बागवानी विकास, जैव विविधता संरक्षण तथा सेब पोषण प्रबंधन रहा है। सेब पुनरोपण रोग प्रबंधन, ऑर्चर्ड फ्लोर मैनेजमेंट, फल फसलों के प्रजनन के क्षेत्र में उनके शोध कार्यों को अनेक प्रकाशनों एवं पुस्तकों के माध्यम से व्यापक पहचान मिली है। बागवानी अनुसंधान, विकास एवं प्रसार गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) तथा विश्वविद्यालय द्वारा कई पुरस्कार एवं सम्मान भी प्राप्त हुए हैं। निदेशक प्रसार शिक्षा का पद हाल ही में रिक्त हुआ था, क्योंकि पूर्व निदेशक डॉ इंदर देव का चयन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली में सहायक महानिदेशक (EP & HS) के पद पर हुआ है।

इसके अतिरिक्त डॉ बी.एस. दिल्टा ने फ्लोरीकल्चर एवं लैंडस्केपिंग विभाग में प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया है। डॉ. दिल्टा एक फ्लोरीकल्चर वैज्ञानिक हैं, जिनके पास शिक्षण, अनुसंधान एवं प्रसार कार्यों का 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उनकी विशेषज्ञता के क्षेत्रों में पुष्प प्रजनन, फसल सुधार तथा फसलोपरांत प्रबंधन शामिल हैं। उन्होंने अनेक स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है, प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में 100 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं तथा ICAR, NABARD, MIDH और RKVY द्वारा वित्तपोषित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का नेतृत्व किया है।

 कुलपति डॉ हरमिंदर सिंह बवेजा ने वैज्ञानिकों को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनका अनुभव विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाएगा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।