नाहन : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजगढ़ डिडक्शन सैल की पुलिस टीम ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरीपुल के समीप झाड़ियों में छिपे एक व्यक्ति को 1.19 ग्राम चिट्टा और एक इंसुलिन इंजेक्शन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल राजगढ़ डिडक्शन सैल की पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान जब टीम गिरीपुल के पास पहुंची, तो मुख्य सड़क के नीचे झाड़ियों में एक संदिग्ध व्यक्ति छिपा हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जब उससे पूछताछ की, तो उसने अपनी पहचान मनोज कुमार, निवासी गांव रनवा, डाकघर व उप-तहसील हरिपुरधार, जिला सिरमौर के रूप में बताई।

संदेह होने पर जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 1.19 ग्राम चिट्टा और नशा करने में इस्तेमाल होने वाला एक इंसुलिन इंजेक्शन बरामद हुआ।
SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगामी तफ्तीश जारी है।