नाहन :हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जुए के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बडू साहिब क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी कर ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे 7 व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने मौके से ताश के पत्तों के साथ 75,390 रुपये की भारी-भरकम नकदी भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल पुलिस थाना पच्छाद की टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बखरोटी (बडू साहिब) स्थित गुरुमुख नाम के व्यक्ति के मकान की दूसरी मंजिल के एक कमरे में कुछ लोग पैसों की बाजी लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए ठिकाने पर अचानक दबिश दी।

पुलिस की अचानक हुई इस छापेमारी से मौके पर हड़कंप मच गया। कमरे में सात लोग ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाते हुए पाए गए। मौके पर पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकेश (39), हेतेन्द्र (37), रमेश (35), शेखर (35), शीतल (35), कपिल देव (43) तथा मनजीत कुमार (39) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि सभी आरोपी जिला सिरमौर और शिमला के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने मौके से बरामद 75,390 रुपये की नकदी और ताश के पत्तों को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में ‘हिमाचल प्रदेश जुआ अधिनियम’ (Gambling Act) के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले में आगामी जांच जारी है।