पांवटा साहिब में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: यमुना बैरियर पर 3.28 ग्राम चिट्टे के साथ तस्कर गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांवटा साहिब पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम ने गश्त और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 3.28 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को पांवटा साहिब पुलिस थाना की टीम यमुना बैरियर के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि बाहरी राज्य का एक संदिग्ध व्यक्ति पांवटा साहिब क्षेत्र में हेरोइन/चिट्टा बेचने का अवैध धंधा करता है।

सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.28 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद किया। आरोपी की पहचान खालिक पुत्र नसीर, निवासी गांव ताजपुरा, डाकघर रेहड़ी, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS Act के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह इस अवैध नेटवर्क में किसके संपर्क में था और यह खेप कहां से लाई गई थी। मामले में आगामी जांच और छानबीन जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।