नाहन : पुलिस जिला बद्दी ने चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस टीमों ने तीन अलग-अलग चोरी के मामलों में तकनीकी साक्ष्यों (CCTV) और गहन जांच के आधार पर कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीनों ही मामलों में मुस्तैदी दिखाते हुए अहम सुराग जुटाए और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।
पहला मामला पुलिस थाना बरोटीवाला का है। 26 जुलाई को बरोटीवाला के बुरांवाला स्थित एक औद्योगिक इकाई से एसी की तांबे की तार चोरी हुई थी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी सुनील कुमार (निवासी सीतामढ़ी, बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की और मामले में 5,000 रुपये की नकद राशि बरामद की।

दूसरा मामला पुलिस थाना नालागढ़ का है, जहां 26 जुलाई को दिन-दहाड़े एक ट्रक की बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी प्रदीप (निवासी नालागढ़) को दबोच लिया। पुलिस अब चोरी हुई बैटरियों की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।
तीसरा मामला बद्दी थाना क्षेत्र का है, जहां एक मकान का ताला तोड़कर सोने के आभूषण और ₹40,000 नकद चोरी कर लिए गए थे। पुलिस थाना बद्दी और सीसीटीवी शाखा की टीम ने फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी साहिल बाम्बर और पंकज कुमार (दोनों निवासी फतेहपुर, जिला कांगड़ा) को धर दबोचा। चोरी हुए सोने और नकदी की बरामदगी की प्रक्रिया जारी है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में गिरफ्तार सभी आरोपियों को 27 जुलाई को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से बाकी चोरी के सामान की बरामदगी करेगी और यह भी पता लगाएगी कि क्या वे क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल थे। मामलों में आगामी तफ्तीश जारी है।