सोलन: नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव के नतीजों के बाद हिमाचल प्रदेश की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल द्वारा कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष वर्माणी ने सोलन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। वर्माणी ने भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने चुनावों को हाईजैक करने की कभी कोई कोशिश नहीं की, बल्कि भाजपा खुद अंदरूनी कलह और गुटबाजी से जूझ रही है।

सुभाष वर्माणी ने कहा कि बीते कल नगर निगम के चुनाव संपन्न होने के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की ओर से कांग्रेस सरकार और स्थानीय नेतृत्व पर की गई टिप्पणियां पूरी तरह से निराधार और सच्चाई से परे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा खुद तीन अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है। अपनी इसी आपसी फूट और अविश्वास के डर से भाजपा को अपने ही पार्षदों को सहेज कर रखने के लिए देहरादून और अन्य स्थानों पर छिपाना पड़ा था।
स्वास्थ्य मंत्री के समर्थन में उतरे जिलाध्यक्ष, दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
क्षेत्र के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल का बचाव करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री एक बेहद ईमानदार, स्वच्छ छवि और समर्पित राजनेता हैं। उनके जैसे वरिष्ठ और निष्ठावान व्यक्ति के खिलाफ भाजपा की ओर से की जा रही इस तरह की बयानबाजी बेहद निंदनीय है।
वर्माणी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने ईमानदार मंत्रियों और सरकार की छवि को खराब करने वाले इन झूठे आरोपों को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने साफ किया कि यदि भाजपा ने इस तरह की अनर्गल बयानबाजी बंद नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी को स्वास्थ्य मंत्री के सम्मान में कानून का सहारा लेने या सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने से भी कोई गुरेज नहीं होगा। कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर भाजपा के इन झूठे दावों का मुंहतोड़ जवाब देगी।