सोलन: बॉटनिकल सर्वे ऑफ इंडिया (BSI) के उच्च हिमालयी पश्चिमी हिमालय क्षेत्रीय केंद्र, सोलन ने शुक्रवार को’विश्व पर्यावरण दिव’ बेहद उत्साह और उमंग के साथ मनाया। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के दिशा-निर्देशों तथा बीएसआई के केंद्रीय निदेशक डॉ. कनाद दास के दिशा-निर्देशन में किया गया।

समारोह के दौरान वैज्ञानिकों ने जानकारी दी कि विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के वैश्विक समारोह की आधिकारिक मेजबानी इस वर्ष अज़रबैजान द्वारा बाकू में की जा रही है। इस बार का वैश्विक विषय “प्रकृति से प्रेरित। जलवायु के लिए। हमारे भविष्य के लिए” रखा गया है, जो जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता के नुकसान (लॉस) और बढ़ते प्रदूषण जैसी त्रिकोणीय वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक जन-भागीदारी का आह्वान करता है।
पर्यावरण दिवस को बच्चों के मानसिक और रचनात्मक विकास से जोड़ने के लिए बीएसआई केंद्र में एक अंतर-विद्यालयीय ‘बैठो और चित्र बनाओ’ (Sit & Draw) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सोलन के चार अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। बच्चों ने रंगों के माध्यम से पृथ्वी को बचाने और ग्लोबल वार्मिंग को रोकने के बेहतरीन संदेश दिए।
इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम में डॉ. धर्मपाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि डॉ. अजय शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का सफल संयोजन वैज्ञानिक-ई डॉ. कुलदीप सिंह डोगरा द्वारा किया गया, जबकि इसकी अध्यक्षता बीएसआई सोलन के केंद्राध्यक्ष एवं वैज्ञानिक-एफ डॉ. कुमार अंबरीश ने की।
मुख्य अतिथि डॉ. धर्मपाल शर्मा ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के संस्कार सबसे पहले हमारे घर से शुरू होने चाहिए। जब तक ये प्रयास गांवों, कस्बों और मोहल्ला स्तर तक नहीं पहुंचेंगे, तब तक कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता।
विशेष अतिथि डॉ. अजय शर्मा ने चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की पेंटिंग्स दर्शाती हैं कि नई पीढ़ी पर्यावरण के प्रति कितनी संवेदनशील और गंभीर है।
वैज्ञानिक डॉ. कुलदीप सिंह डोगरा ने उपस्थित शिक्षकों, वैज्ञानिकों और छात्रों से भारत सरकार के महत्वाकांक्षी “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए, जिससे बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने और वायु प्रदूषण को कम करने में मदद मिल सके। इस अभियान के तहत संस्थान परिसर में औषधीय और छायादार पौधे भी रोपे गए।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में बीएसआई सोलन के स्टाफ सदस्यों ब्रजेश मीणा, आसिम अली, संजीव कुमार, रितेश कुमार सिंह, सुश्री हिमानी शर्मा, श्रीमती बबली तथा श्रीमती शालिनी चौहान ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह के समापन पर चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को मुख्य अतिथियों द्वारा आकर्षक पुरस्कार, प्रमाण पत्र और अल्पाहार वितरित किया गया।