सोलन: भारत विकास परिषद् सोलन द्वारा डांगरी स्थित गौशाला परिसर में पौधारोपण एवं गौसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गौशाला परिसर में पशुओं के चारे के उपयोग हेतु कचनार, बीउल सहित विभिन्न प्रजातियों के 100 फलदार व चारे वाले पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में संजीव भूषण गुप्ता ने विशेष रूप से शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष डॉ. मुकेश प्रभाकर ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। मंच पर प्रांतीय संरक्षक डॉ. सत्य व्रत भारद्वाज, प्रांतीय संगठन सचिव डॉ. राम गोपाल शर्मा, शाखा सचिव हरीश शर्मा, कोषाध्यक्ष अन्नपूर्णा तथा पर्यावरण प्रकल्प संयोजक राजन जैन उपस्थित रहे।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मुकेश प्रभाकर ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियां साझा कीं। वहीं, प्रांतीय संरक्षक डॉ. सत्य व्रत भारद्वाज ने भारत विकास परिषद् के उद्देश्य और सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि परिषद देशभर में अपनी 2,000 से अधिक शाखाओं के जरिए पर्यावरण संरक्षण व समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय है। शाखा द्वारा पर्यावरण और गौसेवा प्रकल्प के तहत यह इस वर्ष का दूसरा बड़ा आयोजन रहा।
गौसेवा अभियान के अंतर्गत परिषद द्वारा गौवंश के लिए चारा, पौष्टिक फीड, गुड़ और अन्य आवश्यक सामग्री गौशाला को भेंट की गई। मंच संचालन डॉ. राम गोपाल शर्मा ने किया तथा शाखा सचिव हरीश शर्मा ने सभी उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर ब्रज मोहन सरकेक, डॉ. सी.डी. थापा, अजय सूद, नरेश गुप्ता, कमल किशोर शर्मा, मुकेश शर्मा, दीपक कँवर, देवेन्द्र गुप्ता, सुनील सूद, अजय शर्मा, दीपांजली शर्मा, प्रोफेसर नीना जैन, डॉ. कमलेश कँवर, सावित्री शर्मा, सरोज शर्मा, शिवानी गुप्ता और विक्रम सिंह सहित 50 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।