सोलन: राष्ट्रीय मां शूलिनी मेले के तीसरे दिन आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में स्थानीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। मेले के मुख्य आकर्षणों में से एक रही महिला वर्ग की रस्साकशी (टग ऑफ वॉर) प्रतियोगिता में सोलन की टीम ने लगातार तीसरी बार खिताबी जीत हासिल कर अपनी बादशाहत बरकरार रखी है।

इस रोमांचक मुकाबले के अंतिम दो दौर में सोलन की महिला टीम ने अपनी ताकत और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए धर्मपुर की टीम को लगातार दो बार पटखनी दी। धर्मपुर की टीम को उपविजेता पद से ही संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में रिटायर्ड कर्नल (डॉ.) संजय शांडिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम सहित खेलकूद गतिविधियों में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार बांटे और उनके शानदार खेल की जमकर सराहना की।