नाहन : कालाअंब के मोगीनंद में एक गाड़ी चालक के साथ गाली-गलौज करने और डंडे से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस थाना कालाअंब में आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जय प्रकाश (निवासी गांव व डाकघर छियाछी, तहसील व थाना रामशहर, जिला सोलन) ने 7 अक्टूबर 2026 को पुलिस थाना कालाआम्ब में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पेशे से ड्राइवर है। बेटे कल दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी गाड़ी में माल लोड करने के लिए मोगीनंद स्थित आइडल कंपनी के पास खड़ा था।

इसी दौरान गाड़ी संख्या HP 71A-8291 का चालक हेम चंद वहां पहुंचा और बेवजह जय प्रकाश के साथ गाली-गलौज करने लगा। बात यहीं नहीं रुकी, आरोपी हेम चंद ने उसे गाड़ी के पास ही रोक लिया और डंडे से उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस अचानक हुए हमले में जय प्रकाश को काफी गंभीर चोटें आई हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी हेम चंद के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण करवाया है और घटना के संबंध में आगामी जांच व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।