नाहन : सिरमौर जिले में नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ‘डिटेक्शन सेल सब डिवीजन राजगढ़’ की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मरयोग मुख्य सड़क पर एक ट्रक से 11 किलो 720 ग्राम चूरा पोस्त बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है और ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, कल जब डिटेक्शन सेल राजगढ़ की टीम इलाके में गश्त पर थी और मादक पदार्थ अधिनियम के तहत सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि अजय कुमार और प्रेम सिंह अपने ट्रक (HP07F-0867) में चूरा पोस्त की खेप लेकर सोलन से गिरिपुल की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरयोग मुख्य सड़क पर नाकाबंदी कर उक्त ट्रक को रोक लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस भी ट्रक की बनावट देखकर हैरान रह गई। आरोपियों ने चूरा पोस्त को छिपाने के लिए ट्रक के केबिन के नीचे और दोनों तरफ के लॉक में विशेष खांचे (सीक्रेट बॉक्स) बनाए हुए थे। सघन तलाशी लेने पर इन गुप्त खानों से कुल 23 पॉलीथीन के लिफाफे बरामद हुए, जिनमें कुल 11.720 किलोग्राम चूरा पोस्त भरी हुई थी।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान ट्रक चालक अजय कुमार (40) पुत्र प्रेम सिंह, निवासी कोट ढांगर, राजगढ़ और प्रेम सिंह (42) पुत्र शेर सिंह, निवासी वार्ड नंबर-2, राजगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस थाना पच्छाद में दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 15 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।