नाहन : मातर में उफान मारती नदी और पहाड़ी खाले के बीच फंसे स्कूली बच्चों और स्टाफ सदस्यों के लिए राहत की बड़ी खबर आई है। होमगार्ड के जांबाज जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों स्कूलों में फंसे सभी 52 बच्चों और 12 स्टाफ सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। प्रशासन और स्थानीय लोगों के त्वरित सहयोग से समय रहते सभी मासूमों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।
नाहन के मातर में जैसे ही दो स्कूलों के पानी से घिरने और 64 जिंदगियों के फंसने की सूचना मिली, जिला उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत कड़े आदेश जारी किए। DC ने बिना कोई वक्त गंवाए आपदा प्रबंधन टीमों, पुलिस और होमगार्ड के जवानों को तत्काल मौके के लिए रवाना होने और बिना किसी देरी के रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक मुस्तैदी और उच्च अधिकारियों की सीधी निगरानी के चलते बचाव कार्य बेहद तेज़ी से शुरू किया गया।

मौके पर पहुँचे होमगार्ड के जांबाज जवानों ने अदम्य साहस और मुस्तैदी का परिचय दिया। एक तरफ उफान मारती नदी और दूसरी तरफ जंगल से आ रहे तेज़ पहाड़ी खाले (नाले) के खौफनाक बहाव के बावजूद जवानों ने सुरक्षित रास्ते तैयार किए। जवानों ने एक-एक करके राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के 31 विद्यार्थियों व 10 स्टाफ सदस्यों और प्राथमिक विद्यालय के 21 छोटे-छोटे मासूम बच्चों व 2 अध्यापकों को सकुशल बाहर निकाला।
सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश और चारों तरफ जलभराव के कारण स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई थी। बच्चों के सुरक्षित बाहर निकलने की खबर मिलते ही परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और पूरे क्षेत्र सहित जिला प्रशासन ने राहत की गहरी सांस ली। स्थानीय लोगों और परिजनों ने समय पर सटीक निर्णय लेने के लिए DC प्रियंका वर्मा और मौके पर अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चों को बचाने वाले होमगार्ड के जांबाज जवानों की दिल से सराहना की है।