रेणुका जी में रास्ता मांगना पड़ा भारी! ददाहू के युवक पर डंडों से हमला, हाथ में फ्रैक्चर

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना रेणुका जी के तहत रास्ते में गाड़ी खड़ी करने का विरोध करने और रास्ता मांगने पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। दबंगों ने युवक पर डंडों से इस कदर हमला किया कि उसके दाहिने हाथ की कलाई में गंभीर फ्रैक्चर हो गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ददाहु तहसील के गांव बेडोन के निवासी विजेंद्र तोमर ने बताया कि बीते दिनों उनके घर में भतीजे की शादी का समारोह था। वह अपने पिता को छोड़ने के लिए अपने गांव से ‘छोऊ भोगर’ जा रहे थे। जब वे रास्ते में थे, तो वहां लेखराज नामक व्यक्ति की गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी थी, जिसकी वजह से रास्ता पूरी तरह बंद था।

विजेंद्र तोमर ने जब लेखराज से अपनी गाड़ी को थोड़ा साइड करने का आग्रह किया ताकि वे आगे निकल सकें, तो लेखराज अचानक आगबबूला हो गया। उसने बात मानने के बजाय तुरंत अपने भाई को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर विजेंद्र तोमर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में विजेंद्र के दाहिने हाथ की कलाई पर गहरी चोट आई।

घटना के बाद पीड़ित को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके हाथ का एक्स-रे और अन्य जांचें कीं। डॉक्टर की विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट में विजेंद्र की दाहिने हाथ की कलाई में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है।

अस्पताल से आई इस आधिकारिक रिपोर्ट के आधार पर रेणुका जी पुलिस थाना ने आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।