सनातन धर्म पब्लिक स्कूल रबौन में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Photo of author

By Hills Post

सोलन: सनातन धर्म पब्लिक स्कूल रबौन में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईपीएच विभाग से सेवानिवृत्त इंजीनियर-इन-चीफ मेहर सिंह कंवर एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सरिता कंवर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

समारोह में सनातन धर्म सभा के संरक्षक एवं संस्थापक स्वाधीन चंद्र गोड, पूजा व अर्चना अधिकारी शकुंतला शर्मा, सह-संस्थापक डॉ. शंकर वाशिष्ठ, महासचिव डॉ. पी.एल. गौतम, सनातन धर्म सभा के प्रधान के.सी. बारिया, उप-प्रधान एवं विद्यालय प्रभारी मनोहर सिंह कंवर, विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजना शर्मा, शिक्षकगण, अभिभावक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्कूली बच्चों ने ‘देश रंगीला’, ‘ऑपरेशन सिंदूर’, ‘चले जैसे हवाएं’ और पंजाबी लोकगीतों पर देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

समारोह के दौरान पिछले शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया, जिनमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले इशिता व समर, द्वितीय स्थान पर रहीं अनन्या व लविषा तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले शिवदास व काव्यांश शामिल रहे। मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक सोच, उच्च संस्कार अपनाने और सदैव सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।