सलोगड़ा और आंजी स्कूलों में एंटी चिट्टा अभियान के तहत नशा निवारण कार्यक्रम

Photo of author

By Hills Post

सोलन: मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) सोलन डॉ. अजय पाठक की अध्यक्षता में ‘एंटी चिट्टा अभियान’ के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोगड़ा तथा राजकीय उच्च पाठशाला आंजी में नशा निवारण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अजय पाठक ने विद्यार्थियों को नशे, विशेषकर चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों से विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि उसके परिवार, भविष्य और पूरे समाज पर गहरा आघात पहुंचाता है।

युवाओं को प्रेरित करते हुए सीएमओ ने कहा कि जीवन के शुरुआती 20 से 25 वर्ष भविष्य निर्माण का स्वर्णिम समय होते हैं। इस मूल्यवान समय को नशे की गर्त में बर्बाद करने के बजाय शिक्षा, अनुशासन, कड़ी मेहनत और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में लगाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने खाली समय का सदुपयोग खेलों, व्यायाम, नियमित अध्ययन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में करने की सलाह दी।

डॉ. पाठक ने स्पष्ट किया कि एक स्वस्थ शरीर और सकारात्मक मन ही सफल जीवन का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवार व समाज को भी इसके खिलाफ जागरूक कर एक सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन जीने और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।