सिरमौर: एक ही रात में 3 चोरियां कर दहशत फैलाने वाले अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह बेनकाब

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के तहत आने वाले कोलर क्षेत्र में बीते 19 अगस्त की रात हुई चोरी की सिलसिलेवार वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में 17 वर्ष का एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

उल्लेखनीय है कि 19 अगस्त की रात शातिरों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए कोलर क्षेत्र में एक साथ तीन अलग-अलग मकानों के ताले तोड़े थे। चोरों ने कमरों में रखी अलमारियों को खंगालकर सोने-चांदी के कीमती आभूषण और भारी नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। एक ही रात में हुई तीन चोरियों की वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था और स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर काफी रोष देखा जा रहा था।

पुलिस जांच में आरोपियों के काम करने के तरीके को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी देर रात 12:00 बजे से 3:00 बजे के बीच बंद पड़े मकानों को चिन्हित कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। सबसे दिलचस्प बात यह है कि पुलिस की तकनीकी निगरानी और सर्विलांस से बचने के लिए आरोपी वारदात के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करते थे। आरोपी घरों के ताले तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, तांबे के कीमती बर्तन और एयर कंडीशनर (AC) के कॉपर पाइप तक चोरी कर फरार हो जाते थे।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पांवटा साहिब क्षेत्र के रहने वाले हैं। पकड़े गए शातिरों की पहचान 22 वर्षीय समीर (पुत्र महताब) व 20 वर्षीय सामिन खान (पुत्र साजिद खान) दोनों निवासी गांव कुंजा मतरालियो (डाकघर पांवटा साहिब) और 28 वर्षीय केशो नाथ (पुत्र संजू) निवासी गांव अजीवाला (डाकघर जामनीवाला, तहसील पांवटा साहिब) के रूप में हुई है, जो पेशे से कबाड़ी का काम करता है। वहीं, इस वारदात में 17 वर्ष की उम्र का एक नाबालिग भी शामिल पाया गया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया भारी मात्रा में सामान बरामद किया है, जिसमें तांबे के बर्तन, एसी कॉपर पाइप, कीमती आभूषण, नकदी और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। इसके अलावा वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें (पंजीकरण संख्या HP17H-9827 और UK07AF4769) भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली हैं।

हालाँकि आरोपियों ने सर्विलांस से बचने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल बंद कर रखा था, लेकिन साइबर सेल सिरमौर ने हार नहीं मानी। साइबर सेल ने उच्च स्तरीय तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों के गहन अध्ययन और स्थानीय इंटेलिजेंस के तालमेल से आरोपियों के मूवमेंट रूट को चिन्हित किया।

SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि आज सभी आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया जायेगा। पुलिस अदालत से आरोपियों का रिमांड हासिल करने का प्रयास करेगी, ताकि उनसे सख्ती से पूछताछ कर चोरी किया गया सोना-चांदी और नकदी बरामद की जा सके। इसके अलावा पुलिस को अंदेशा है कि पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य छोटी-बड़ी चोरियों के मामलों से भी पर्दा उठ सकता है। वहीं, मामले में शामिल नाबालिग आरोपी के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।