सिरमौर के स्कूल में उपनिदेशक का छापा, बच्चों का हाल देख भड़के; प्रभारी को थमाया नोटिस

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शिक्षा खंड के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला ठाकुरद्वारा का आज प्रारंभिक शिक्षा सिरमौर के उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डाइट नाहन के प्रवक्ता यशपाल शर्मा भी विशेष रूप से उनके साथ उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान पाठशाला में शैक्षणिक व्यवस्था, साफ-सफाई, पीएम पोषण योजना (मिड-डे मील) तथा पुस्तकालय प्रबंधन का बारीकी से अवलोकन किया गया। निरीक्षण में जहाँ परिसर और शौचालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, वहीं विद्यार्थियों के शैक्षणिक और सामान्य ज्ञान के स्तर पर गंभीर सवाल खड़े हुए।

उपनिदेशक राजीव ठाकुर द्वारा बच्चों की पढ़ाई और सामान्य ज्ञान का परीक्षण किया गया, जो बेहद निम्न स्तर का पाया गया। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उन्होंने अध्यापकों को शैक्षणिक स्तर और सामान्य ज्ञान में सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए। अध्यापकों को बच्चों का शैक्षणिक स्तर सुधारने के लिए 1 महीने की समय-सीमा दी गई है, ताकि आज के दौर में बच्चे प्रतियोगी माहौल के अनुसार खुद को तैयार कर सकें। इसके अतिरिक्त, पुस्तकालय की किताबों के आवंटन की जांच में भी खामियां पाई गईं, जिस पर अध्यापकों को निर्देश दिए गए कि वे विद्यार्थियों को पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित करें।

पाठशाला में प्री-प्राइमरी सहित कुल 57 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जिन्हें पढ़ाने की जिम्मेदारी 2 अध्यापकों पर है। वहीं, महज 10 मीटर की दूरी पर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में एक वर्कर व एक हेल्पर तैनात हैं, जहाँ केवल 2 ही बच्चे नामांकित हैं। इस स्थिति को देखते हुए उपनिदेशक ने स्कूल अध्यापकों को निर्देश दिए कि वे बाल विकास परियोजना अधिकारी के साथ पत्राचार करें, ताकि प्री-प्राइमरी के 23 बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को आंगनवाड़ी केंद्र के साथ समायोजित किया जा सके। इससे पहली से पांचवीं कक्षा तक के शेष बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था पाठशाला के अध्यापक नियमित और सुचारू रूप से देख सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान पीएम पोषण योजना (मिड-डे मील) के तहत बन रहे भोजन का भी जायजा लिया गया। भोजन पौष्टिक पाया गया, लेकिन यह बात सामने आई कि मुख्यमंत्री पौष्टिक आहार योजना के अंतर्गत बच्चों को उबला हुआ अंडा नहीं दिया जा रहा था। जब अधिकारियों ने बच्चों से बात की, तो उन्होंने अंडा खाने पर अपनी सहमति जताई। इस पर अध्यापकों को निर्देश दिए गए कि जो बच्चे उबला अंडा खाना पसंद करते हैं, उन्हें योजनानुसार अनिवार्य रूप से अंडा उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही बच्चों की होमवर्क (गृहकार्य) उत्तर पुस्तिकाओं को स्पष्ट और सही तरीके से जांचने के निर्देश दिए गए, ताकि छात्र अपनी गलतियों में सुधार कर सकें।

पाठशाला में पाई गई गंभीर शैक्षणिक कमियों के चलते उपनिदेशक राजीव ठाकुर द्वारा स्कूल के प्रभारी अध्यापक को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया जा रहा है। इसके अलावा संबंधित केंद्रीय मुख्य शिक्षक (CHT) को टेलीफोन के माध्यम से निर्देशित किया गया कि वे आगामी सोमवार को पूरे दिन पाठशाला का नियमित निरीक्षण करें और पाई गई कमियों को दूर कराएं। वहीं, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए पाठशाला परिसर में किसी भी जानवर के प्रवेश को रोकने की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी सख्त आदेश दिए गए।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।