सिरमौर भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय गुप्ता का निधन, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर भाजपा के वरिष्ठ एवं समर्पित नेता विनय गुप्ता (जन्म: 27 अगस्त 1953) के निधन से समूचा भाजपा परिवार शोकाकुल है। नाहन में आयोजित उनके अंतिम संस्कार के अवसर पर भाजपा के शीर्ष नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नगरजनों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अंतिम यात्रा के दौरान भाजपा की ओर से दिवंगत विनय गुप्ता के पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा अर्पित कर उन्हें पूर्ण सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस अवसर पर माहौल अत्यंत गमगीन रहा और उपस्थित सभी लोगों ने अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी।

अंतिम यात्रा में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता, उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शोक व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि विनय गुप्ता का निधन भाजपा परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन संगठन और समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। वे अत्यंत सरल, सहज, मिलनसार और कर्मठ व्यक्तित्व के धनी थे। कार्यकर्ताओं के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव हमेशा याद रखा जाएगा।

डॉ. बिंदल ने कहा कि दिवंगत विनय गुप्ता की स्मृतियां, उनका स्नेह और पार्टी के प्रति निष्ठा हमेशा भाजपा परिवार के दिलों में जीवित रहेगी। उपस्थित सभी नेताओं और नगरजनों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह असह्य दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।