नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना पच्छाद के तहत आने वाले मरयोग क्षेत्र में एक साधु के साथ धोखाधड़ी, गाली-गलौज और सरेराह रास्ता रोककर लात-मुक्कों से मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार स्थानीय युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में हीरागिरी (वर्तमान निवासी शिव मंदिर, कोर्ट रोड शिमला, नजदीक लिफ्ट) ने बताया कि कुछ समय पूर्व उनके शिष्य ज्ञानगिरी, जो कि बाल भारती स्कूल मरयोग के पास राजगढ़-सोलन सड़क के किनारे स्थित माता काली मंदिर में रहते हैं, उनके साथ यह घटना घटी। शिकायत के अनुसार, पुष्कर नामक एक बस ड्राइवर ने साधु ज्ञानगिरी को एक पुरानी गाड़ी 50,000 रुपए में बेची थी। साधु ने इस राशि में से 10 हजार रुपए नकद दिए थे और बाकी की पूरी बकाया राशि का ऑनलाइन (Online) भुगतान कर दिया था।

आरोप है कि पैसे पूरे मिलने के बावजूद बस चालक पुष्कर साधु ज्ञानगिरी से और पैसों की मांग कर रहा था। मना करने पर वह उन्हें लगातार परेशान कर रहा था और गाली-गलौज पर उतर आया था। विवाद इस कदर बढ़ गया कि बीते 19 जून को गोल्डी, सन्नी, टीनू और छोटू नामक चार व्यक्तियों ने मिलकर मंदिर के पास ही साधु ज्ञानगिरी का रास्ता रोक लिया। चारों आरोपियों ने उनके साथ सरेआम झगड़ा किया और लात-मुक्कों से बुरी तरह मारपीट की।
शिष्य के साथ हुई इस बदसलूकी और मारपीट की जानकारी मिलने के बाद मुख्य सेवादार हीरागिरी ने पच्छाद थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने 30 जून को शिकायत के आधार पर उक्त चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पच्छाद पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आगामी अन्वेषण (Investigation) तेजी से जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।