नाहन: सिरमौर जिले के सैणधार क्षेत्र के खूबसूरत गाँव दाड़ो-देवरिया की प्रतिभावान बेटी डॉ. स्वाति तोमर ने उच्च चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संपूर्ण क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। डॉ. स्वाति ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा, कांगड़ा से कम्युनिटी मेडिसिन विभाग में एम.डी. (M.D.) की परीक्षा में पूरे संस्थान में पहला स्थान प्राप्त किया है और गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।

डॉ. स्वाति तोमर एक साधारण ग्रामीण व कर्मठ परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता विनोद तोमर पेशे से एक किसान एवं बागवान हैं, जबकि उनकी माता निर्मला देवी आंगनवाड़ी वर्कर के रूप में समाज सेवा में जुटी हैं। माता-पिता के मार्गदर्शन, त्याग और डॉ. स्वाति की अटूट लगन व निरंतर कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने यह स्वर्णिम सफलता हासिल की है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे सैणधार क्षेत्र और उनके पैतृक गाँव दाड़ो-देवरिया में जश्न का माहौल है।
अकादमिक क्षेत्र में यह सर्वोच्च मुकाम हासिल करने के उपरांत डॉ. स्वाति तोमर अब जोनल अस्पताल, मंडी में डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम ऑफिसर (DPO) के महत्वपूर्ण पद पर अपनी प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगी। जनस्वास्थ्य और सामुदायिक चिकित्सा के क्षेत्र में उनकी इस नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्षेत्रवासियों, स्थानीय गणमान्य लोगों और प्रबुद्ध वर्ग ने डॉ. स्वाति तोमर तथा उनके परिजनों को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई दी है और ईश्वर से उनके उज्ज्वल व यशस्वी भविष्य की कामना की है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर इस प्रतिष्ठित स्तर तक पहुँचना क्षेत्र के सभी छात्र-छात्राओं के लिए एक महान प्रेरणास्रोत है, जो युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में भी मेहनत और लगन से अपने सपने साकार करने की सीख देता है।