सोलन: देवभूमि में नशे के सौदागरों के खिलाफ सोलन पुलिस ने अपनी मुहिम को और तेज कर दिया है। जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम ने शमलेच के समीप एक विशेष नाकाबंदी के दौरान एक कार सवार युवक और युवती को भारी मात्रा में चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि एक टाटा टियागो गाड़ी में नशे की खेप परवाणू-धर्मपुर की ओर से सोलन की तरफ लाई जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआईयू टीम ने शमलेच के पास जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध गाड़ी मौके पर पहुँची, पुलिस ने उसे तलाशी के लिए रोका।
आरोपियों की पहचान रवि कुमार (45 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय श्री राम प्रकाश, निवासी रबोन, सोलन, साक्षी शर्मा (24 वर्ष) पुत्री श्री दीप राम, निवासी गाँव सिधोटी (शिलाई), जिला सिरमौर के रूप में हुई है ।
वाहन की गहन तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.43 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मादक पदार्थ को अपने कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त टाटा टियागो गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस ने उनका रिमांड हासिल किया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पकड़े गए आरोपी यह नशा कहाँ से लाए थे और सोलन व आसपास के क्षेत्रों में उनके तार किन-किन बड़े तस्करों से जुड़े हुए हैं। इसके अतिरिक्त, आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है ताकि उनके पिछले कारनामों का खुलासा हो सके।