सोलन कॉलेज में दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) की दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय टेबल टेनिस (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता का आज भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 26 महाविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें पुरुष वर्ग की 23 टीमें और महिला वर्ग की 10 टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता में लगभग 150 छात्र-छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न कोनों से आए सभी खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्राचार्या ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने तथा अनुशासन एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने का विशेष आह्वान किया।

प्रतियोगिता के आयोजन सचिव प्रो. रवि राम ने जानकारी दी कि इस टूर्नामेंट के सुचारू संचालन के लिए विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. शशि किरण को यूनिवर्सिटी ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, प्रतियोगिता के सफल संचालन में जिला खेल अधिकारी सोलन भूपेंद्र, अभय लखनपाल, विवेक नेगी और सुश्री अक्षिता की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

इस अवसर पर Sports and Cultural Activities 2026 के उपाध्यक्ष डॉ. विद्या बंधु नेगी तथा भारतीय स्टेट बैंक डिग्री कॉलेज शाखा, सोलन की प्रबंधक श्रीमती अनुजा चौहान ने भी विशेष रूप से शिरकत की। प्रतियोगिता के दौरान महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

आज के खेले गए मुकाबलों में पुरुष वर्ग के अंतर्गत नेरवा कॉलेज ने बिलासपुर कॉलेज को हराया, ठियोग कॉलेज ने कोटखाई कॉलेज को हराया, नगरोटा बगवां कॉलेज ने हमीरपुर कॉलेज को हराया, सिल्ब सोलन ने जुखाला कॉलेज को हराया, एचपीयू (HPU) शिमला ने धर्मपुर कॉलेज को हराया तथा बनीखेत कॉलेज ने चंबा कॉलेज को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

महिला वर्ग के मुकाबले आज शाम को खेले गए, जबकि सभी सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले कल खेले जाएंगे, जिसके पश्चात कल ही संध्याकाल में एक आकर्षक पारितोषिक वितरण समारोह में विजयी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।