सोलन कॉलेज में विजेता अभिनंदन समारोह आयोजित

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन के खेल विभाग द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी खिलाड़ियों के सम्मान में महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक भव्य “विजेता अभिनंदन समारोह” का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मनीषा कोहली ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय व अंतर-महाविद्यालय स्तर पर संस्थान का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सराहना तथा अन्य विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का संचालन और औपचारिक स्वागत शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. रवि राम द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025–26 की खेल उपलब्धियों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने अंतर-महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं विभिन्न राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में कॉलेज के खिलाड़ियों द्वारा हासिल की गई सफलताओं का ब्योरा साझा किया और खिलाड़ियों के कड़े परिश्रम, अनुशासन व समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. मनीषा कोहली ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन या पदक जीतने का साधन नहीं हैं, बल्कि यह युवा विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक सर्वांगीण विकास का सबसे सशक्त माध्यम हैं। खेल मैदान में सीखी गई अनुशासन, धैर्य और टीम भावना जीवन के हर मोड़ पर काम आती है।

उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छूने का आह्वान किया और सफल आयोजन के लिए कॉलेज के खेल विभाग की सराहना की।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय के अनेक वरिष्ठ प्राध्यापक एवं कर्मचारी विशेष रूप से मौजूद रहे। इनमें डॉ. रेणु बाला, डॉ. योगेश जैन, डॉ. संदीप शर्मा, डॉ. रीना, डॉ. दीपिका, डॉ. रमेश, डॉ. दीपा भंडारी, डॉ. सतीश, डॉ. सचिना तथा श्री राकेश खाची शामिल थे। सभी अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की कामना की।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।