सोलन: राजकीय महाविद्यालय सोलन में भारत की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

मुख्य अतिथि प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने महाविद्यालय परिसर में विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद एनसीसी (NCC), एनएसएस (NSS) और रेंजर्स के स्वयंसेवकों ने अनुशासित व भव्य परेड प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शिक्षक व गैर-शिक्षक वर्ग तथा भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता अनमोल है और हमें इसके महत्व व मूल्य को समझना चाहिए। देश को आजादी दिलाने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के बलिदान को सदैव याद रखना हर नागरिक का परम कर्तव्य है। उन्होंने परेड और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया, जिससे पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। समारोह के समापन पर सभी विद्यार्थियों और उपस्थित जनसमूह को मिठाइयां बांटी गईं। अंत में कार्यक्रम संयोजक डॉ. नेक राम कश्यप ने मुख्य अतिथि, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।