सोलन में राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला 26 से 28 जून तक

Photo of author

By Hills Post

सोलन: ऐतिहासिक एवं राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला इस वर्ष 26, 27 व 28 जून, 2026 को पारंपरिक हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज सोलन में शूलिनी मेला समिति की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने सभी विभागों को समय रहते पुख्ता तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं ताकि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो।

स्वास्थ्य मंत्री ने माँ शूलिनी की भव्य शोभायात्रा को मेले का मुख्य आकर्षण बताते हुए इसके लिए विशेष इंतजाम करने को कहा है। शूलिनी माता मंदिर से लेकर जहां से शोभायात्रा का औपचारिक आरंभ होना है, उस पूरे मार्ग की तुरंत मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं। शोभायात्रा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को फुलप्रूफ प्लान तैयार करने को कहा गया है।

मेले के दौरान शहर भर में लगने वाले लंगरों और भंडारों को लेकर कर्नल शांडिल ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उपमंडलाधिकारी (SDM) सोलन को विभिन्न स्थानों पर लगने वाले भंडारों की समय-सारणी सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि श्रद्धालु व्यवस्थित तरीके से प्रसाद ग्रहण कर सकें। भंडारा स्थलों के आस-पास विशेष सफाई व्यवस्था रखनी होगी। डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था और कूड़े का तुरंत निपटान अनिवार्य होगा। शहर में शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति की जाएगी। भंडारों में पानी और प्रसाद वितरण के बर्तनों को पूरी तरह से ढक कर रखना अनिवार्य होगा।

डॉ. शांडिल ने स्पष्ट किया कि राज्य स्तरीय मेले के मंच पर हिमाचली लोक संस्कृति की झलक मुख्य रूप से दिखनी चाहिए। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों के नामी सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित करने तथा स्थानीय हिमाचली कलाकारों को सांस्कृतिक संध्याओं में उचित व सम्मानजनक समय देने के निर्देश जारी किए गए हैं।

हर वर्ष की भांति इस बार भी मेले के दौरान खेलकूद और अन्य मनोरंजक गतिविधियों की भरमार रहेगी। मेले में ठोडो (हिमाचली तीरंदाजी युद्ध नृत्य) और विशाल कुश्ती (दंगल)। वॉलीबॉल, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, कबड्डी, शतरंज, टेबल टेनिस, जूडो और रस्सा-कशी। क्राफ्ट मेला, विकासात्मक प्रदर्शनियां, नारा लेखन प्रतियोगिता, बेबी शो, फ्लावर शो और पैट (Pet) शो होगा ।

मेले के दिनों में स्थानीय लोगों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) और एचआरटीसी को सोलन शहर व आसपास के रूटों पर निःशुल्क (फ्री) बस सेवा चलाने के निर्देश दिए गए हैं। कानून-व्यवस्था और सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को नियमित बल के साथ-साथ राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के वालंटियर्स की सेवाएं लेने के लिए भी कहा गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने मेले के अवसर पर स्मारिका (Souvenir) के प्रकाशन, मंच प्रबंधन, मेला मैदान में वीआईपी व आम जनता के बैठने की व्यवस्था, स्टॉल आवंटन, ठहरने की व्यवस्था (आवास) और प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) से जुड़े सभी कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने की हिदायत दी।

बैठक में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री को विश्वास दिलाया कि प्रशासन सरकार द्वारा दिए गए सभी निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करेगा और मेले को ऐतिहासिक व सफल बनाएगा। बैठक की कार्यवाही का संचालन सहायक आयुक्त नीरजा शर्मा ने किया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, सुरेंद्र सेठी, राहुल ठाकुर, रमेश ठाकुर, कर्नल संजय शांडिल, जतिन साहनी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष बरमानी, ब्लॉक अध्यक्ष मनीष ठाकुर, शोभित बहल, विकास काल्टा, अजय वर्मा, उप महाधिवक्ता रोहित शर्मा, पुलिस अधीक्षक (SP) तिरुमलाराजू एसडी वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त एकता कापटा सहित कई विभागों के प्रशासनिक अधिकारी एवं शूलिनी माता के कारदार उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।