शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार जल शक्ति विभाग में मल्टी टास्क वर्करों के 4,000 रिक्त पद भरने जा रही है। विधानसभा में विधायक भुवनेश्वर गौड़ द्वारा पूछे गए सवाल के उत्तर में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने यह जानकारी दी। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि खाली पदों को भरने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे विभागीय कामकाज में गति आएगी और जनता को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग (PWD), जल शक्ति विभाग (JSD) और बिजली बोर्ड (HPSEBL) में रिक्त चल रहे पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा। जल शक्ति विभाग में 4,000 मल्टी टास्क वर्करों की भर्ती इसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है, जिससे लंबे समय से चली आ रही कर्मचारियों की कमी दूर होगी। उन्होंने पिछली भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व कार्यकाल में बेलदार के पदों को समाप्त कर मल्टी टास्क वर्करों की व्यवस्था शुरू की गई थी।
इसके अतिरिक्त, बिजली बोर्ड में रिक्तियों के आधार पर ‘बिजली मित्र’ तैनात किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के अधिशासी अभियंताओं (XENs) को अधिकृत किया गया है, जो अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में उपलब्ध रिक्तियों के अनुसार नियुक्तियां कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बिजली मित्रों की भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और बिजली बोर्ड के दैनिक कामकाज को भी मजबूती मिलेगी।