हिमाचल प्रदेश में 10 नवंबर से होगा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, बारिश और बर्फबारी के आसार

Photo of author

By Hills Post

शिमला: हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों के भीतर मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। रविवार और सोमवार को तो आसमान साफ रहेगा, लेकिन 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसका सीधा असर प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार चार दिनों तक बारिश और बर्फबारी के रूप में देखने को मिलेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की मानें तो 10 से 13 नवंबर के बीच प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में मौसम खराब रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में इसका सबसे ज्यादा असर पड़ेगा और वहां कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 10 और 11 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 12 और 13 नवंबर को कई इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और बर्फबारी होने की पूरी संभावना है।

इस खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने कुछ जिलों में तेज आंधी चलने और बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी किया है। प्रदेश में सुबह और शाम की ठंड पहले ही काफी बढ़ चुकी है। खासकर जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में पारा शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। वहीं केलांग और ताबो में तापमान महज 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने से ठंड के और ज्यादा बढ़ने के पूरे आसार हैं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।