ऊना: जिला ऊना बाल कल्याण कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष ओंकार कपिला ने आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया और इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार बच्चों के कल्याण और उनके सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। सरकार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए राज्य में कई महत्वाकांक्षी योजनाएं शुरू की हैं। मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त अध्यक्ष को इन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक ले जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि कमेटी को बच्चों को न्याय दिलाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और समाज में इस दिशा में जागरूकता लाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करना चाहिए।
नवनियुक्त अध्यक्ष ओंकार कपिला ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि वह पूरी लगन और कर्मठता से सरकार की नीतियों के अनुरूप बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के लिए कार्य करेंगे।
इस अवसर पर मौजूद पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने जिला ऊना में विकास की गति को तेज करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से जिले के विकास कार्यों को हरसंभव सहायता मिल रही है। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े कई अन्य अहम मुद्दों और आगामी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।