कंडाघाट नगर पंचायत चुनाव में भाजपा का लहराया परचम

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सोलन की कंडाघाट नगर पंचायत के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित प्रत्याशियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर जीत का परचम लहराया है। कुल सात वार्डों वाली इस नगर पंचायत में भाजपा ने 5 सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज की है, जबकि सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी को मात्र दो वार्डों से ही संतोष करना पड़ा है। इस बंपर जीत के बाद कंडाघाट और आसपास के क्षेत्रों में भाजपा समर्थकों में जश्न का माहौल है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया की आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि कंडाघाट नगर पंचायत में पूरी चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। यहाँ कुल 1,548 मतदाताओं में से 1,281 ने अपने मत का प्रयोग किया, जिसके तहत कुल 82.75 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।

मतदान में पुरुषों और महिलाओं दोनों ने बराबर उत्साह दिखाया। कुल 774 पुरुष मतदाताओं में से 645 और इतनी ही संख्या वाली महिला मतदाताओं (774) में से 636 महिलाओं ने वोट डाले।

वार्ड संख्या-01 (सिलाहारी) से भाजपा के रवि सेठी विजयी रहे। इस वार्ड में कुल 212 वोट पड़े। भाजपा समर्थित रवि सेठी ने सर्वाधिक 109 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी किशोर को 64, अनिल शर्मा को 38 मत मिले, जबकि 1 वोट नोटा (NOTA) को गया।

वार्ड संख्या-02 (हिमुडा) से कांग्रेस के पुनीत शर्मा जीते। इस वार्ड में कुल 123 मतों का ध्रुवीकरण हुआ। कांग्रेस समर्थित पुनीत शर्मा ने 69 वोट लेकर जीत हासिल की। यहाँ रोहित को 40 और पारस शर्मा को 14 वोट मिले।

वार्ड संख्या-03 (पड़ाव) से भाजपा के राजकुमार की जीत पाई। वार्ड में पड़े कुल 167 वोटों में से भाजपा समर्थित राजकुमार ने 77 वोट हासिल कर विजयश्री प्राप्त की। यहाँ विवेक अग्रवाल को 45, राहुल ठाकुर को 44 मत मिले और 1 वोट नोटा को गया। वार्ड संख्या-04 (दोलग) से कांग्रेस की पुष्पा विजयी
इस वार्ड में कुल 166 वोट डाले गए, जिसमें कांग्रेस की पुष्पा ने 92 वोट लेकर शानदार जीत दर्ज की। उनकी प्रतिद्वंद्वी दीपा रानी को 70 वोट मिले, जबकि 4 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।

वार्ड संख्या-05 (राजराजेश्वरी) से भाजपा की रजिता जीतीं, उन्हें कुल 229 मतों वाले इस वार्ड में भाजपा समर्थित रजिता ने 122 वोट पाकर प्रतिद्वंद्वी भारती (106 वोट) को पराजित किया। यहाँ भी 1 वोट नोटा के खाते में गया।

वार्ड संख्या-06 (लोअर बाजार) से भी भाजपा के नीरज कुमार का परचम लहराया। यहाँ पड़े कुल 155 वोटों में से भाजपा के नीरज कुमार ने 83 वोट लेकर बड़ी जीत दर्ज की। चुनावी मैदान में डटीं जसमीन कौर को 52, वीरेंद्र कुमार को 19 और 1 मतदाता ने नोटा को चुना।

वार्ड संख्या-07 (बृजेश्वर महादेव) से भाजपा की मोनिका पंडित विजयी रही। इस वार्ड में कुल 229 लोगों ने मतदान किया। भाजपा समर्थित मोनिका पंडित ने 110 वोट लेकर अपनी जीत सुनिश्चित की। वहीं कुमार शिप्रा ठाकुर को 60, कमलेश वर्मा को 57 और 2 वोट नोटा में दर्ज हुए।

कंडाघाट नगर पंचायत के इन चुनावी नतीजों ने कई राजनीतिक संकेत दिए हैं। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों और जनभावनाओं के अनुसार, भाजपा के पक्ष में आया यह एकतरफा परिणाम कंडाघाट को ‘नगर पंचायत’ बनाए जाने के खिलाफ जनता के भारी आक्रोश को दर्शाता है।

यद्यपि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कंडाघाट वासियों को इस संवेदनशील मसले पर पुनः विचार करने का मौखिक भरोसा दिया था, लेकिन चुनावी नतीजों से साफ है कि जनता ने सरकार के इस आश्वासन पर विश्वास नहीं किया।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।