कालाअंब में केबल चोरी का विरोध करने पर तकनीशियन व साथी पर तेजधार हथियार से हमला

नाहन : कालाअंब में एक मोबाइल टावर पर मरम्मत कार्य करने पहुंचे तकनीशियनों के साथ मारपीट और तेजधार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित तकनीशियन की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में सुरेश कुमार (निवासी गांव कोरग, तहसील संगड़ाह) ने बताया कि वह ‘एरियल टेलीकॉम सॉल्यूशन’ कंपनी में बतौर तकनीशियन कार्यरत हैं। बीते 25 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे वह अपने साथी अनिल के साथ कंपनी के निर्देश पर कालाअम्ब स्थित मोबाइल टावर की तकनीकी खराबी ठीक करने पहुंचे थे।

टावर की जांच के दौरान बैटरी केबल और अर्थिंग केबल गायब पाई गई। जब इस संबंध में सुमेश कुमार और मुकेश कुमार से पूछताछ की गई, तो दोनों अचानक भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने सुरेश पर तेजधार वस्तु से हमला कर दिया। जब साथी अनिल बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन ले जाया गया। मेडिकल परीक्षण में दोनों के शरीर पर लगे घाव तेजधार हथियार से पहुंचाए जाने की पुष्टि हुई है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि सुरेश कुमार के बयानों के आधार पर पुलिस थाना कालाअम्ब में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी तफ्तीश कर रही है और घटना के कारणों व केबल चोरी के पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।