कोलर में पुरानी रंजिश में भाइयों पर तलवार से जानलेवा हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

नाहन : सिरमौर जिले के थाना माजरा के अंतर्गत आने वाले कोलर गांव में पुरानी रंजिश के चलते खूनी खेल खेलने का मामला सामने आया है। यहाँ एक घर में बनी दुकान के अंदर घुसकर करीब 5-6 हमलावरों ने लाठियों और तलवारों से जानलेवा हमला किया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता विशाल कुंडलस ने बताया कि इस रंजिश की शुरुआत 9 मई 2026 को हुई थी, जब एक डंपर चालक ने उसके घर के पास उसके पिता के साथ बहसबाजी की थी। इसी खुन्नस को लेकर 11 मई की रात को वारदात को अंजाम दिया गया।

11 मई की रात जब विशाल और उसका चचेरा भाई प्रवीण दुकान में बैठे थे, तभी काले रंग की स्कॉर्पियो में नकाबपोश हमलावर आए। आरोपियों ने दुकान के अंदर घुसकर भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। जब बीच-बचाव के लिए विशाल के पिता मौके पर पहुंचे, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। वारदात के बाद आरोपी नाहन की ओर फरार हो गए।

माजरा पुलिस ने विशाल की शिकायत पर तीन नामजद (दीपक, रमन और विक्की) सहित 5-6 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति भंग करने वालों और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।