कोलर में हुए खूनी खेल का मुख्य सरगना दो साथियों संग चढ़ा पुलिस के हत्थे

नाहन : जिला सिरमौर के कोलर क्षेत्र में बीते 11 मई को एक दुकानदार पर तलवार और डंडों से हुए जानलेवा हमले के मामले में सिरमौर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। वारदात के बाद से ही फरार चल रहे मुख्य आरोपी रमन सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने पड़ोसी राज्य हरियाणा से दबोच लिया है। इसके साथ ही वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल में लाई गईं दो गाड़ियों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

यह खूनी वारदात 11 मई को कोलर में पेश आई थी, जहां पीड़ित विशाल पर कुछ बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया था। माजरा पुलिस ने विशाल की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों (दीपक, रमन और विक्की) सहित 5-6 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात वाले दिन (11 मई) को ही एक नामजद आरोपी दीपक को मौके से गिरफ्तार कर लिया था और हमले में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो (Scorpio) गाड़ी को भी उसी दिन कब्जे में ले लिया था।

वारदात के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी रमन और उसके अन्य साथियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक (SP सिरमौर) निश्चित सिंह नेगी के निर्देशानुसार विशेष टीमों का गठन किया गया था। सिरमौर पुलिस की साइबर टीम और थाना माजरा पुलिस ने संयुक्त रूप से जाल बिछाते हुए तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पड़ोसी राज्य हरियाणा के विभिन्न ठिकानों पर लगातार ताबड़तोड़ दबिश दी।

इस सघन कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी रमन और उसके साथियों को हरियाणा में दबोचने में कामयाबी हासिल की। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल दो अन्य वाहन को भी जब्त किया गया है। फिलहाल पुलिस द्वारा पकड़े गए सभी आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है, ताकि हमले की मुख्य वजह और इसमें शामिल अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।