चंडीगढ़ में महिला खाद्य उद्यमी कार्यक्रम, राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने की महिला उद्यमियों की सराहना

Photo of author

By Hills Post

चंडीगढ़: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने नीति आयोग के महिला उद्यमिता मंच (WEP) के सहयोग से चंडीगढ़ में आयोजित देसी क्रेविंग्स हरियाणा महिला खाद्य उद्यमी विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित रहीं। इस विशेष प्रदर्शनी व संवाद सत्र का आयोजन कॉन्फेडरेशन ऑफ वूमेन एंटरप्रेन्योर्स ऑफ इंडिया (COWE), हरियाणा चैप्टर की संस्थापक-अध्यक्ष रुचिता बंसल द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में हरियाणा भर से चयनित 50 महिला खाद्य उद्यमियों की उद्यमशीलता यात्रा, उनके नवाचारों और विशिष्ट खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इस मंच ने महिला उद्यमियों को उद्योग जगत के दिग्गजों, बड़े खरीदारों और मार्गदर्शकों (Mentors) से सीधे जुड़ने का एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया।

प्रतिभागी महिला उद्यमियों से संवाद करते हुए राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने उनके उद्यम, रचनात्मकता और दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं विकास की केवल लाभार्थी नहीं हैं, बल्कि वे देश की आर्थिक प्रगति और राष्ट्र निर्माण की मुख्य प्रेरक शक्ति हैं। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार से आगे बढ़कर स्थायी उद्यम स्थापित करने और रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया।

राज्यपाल ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया, पीएमईजीपी, लखपति दीदी, नमो ड्रोन दीदी और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं से महिलाओं को ऋण, कौशल और बाजार तक मजबूत पहुंच मिली है। उन्होंने साझा किया कि 31 मार्च 2026 तक 3.46 करोड़ से अधिक स्वयं सहायता समूह सदस्यों को लखपति दीदी बनाया जा चुका है, जबकि मुद्रा योजना के कुल स्वीकृत ऋणों में लगभग दो-तिहाई हिस्सेदारी महिला उद्यमियों की रही है।

युवाओं की सोच में बदलाव की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को सिर्फ नौकरी तलाशने वाला बनने के बजाय रोजगार सृजक (Job Creators) बनना होगा। उन्होंने सरकारी संस्थानों, वित्तीय एजेंसियों और उद्योग जगत से महिला उद्यमियों को हैंडहोल्डिंग, ब्रांडिंग, तकनीक और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नीति आयोग से अन्ना रॉय, आशीष मित्तल, विजय शर्मा, शिल्पा सपरा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, उद्यमी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।