सोलन: नगर पंचायत अर्की के सातों वार्डों में रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। चुनाव में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 2203 मतदाताओं में से 1674 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसके चलते कुल मतदान प्रतिशत 75.99 दर्ज किया गया।

चुनाव के दौरान सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं,महिलाओं तथा बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। जिसके चलते मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। वार्डवार मतदान प्रतिशत की बात करें तो वार्ड नंबर-1 में सबसे अधिक 86.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं वार्ड नंबर-2 में सबसे कम 67.55 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर-3 में 69.35 प्रतिशत, वार्ड नंबर-4 में 79.40 प्रतिशत, वार्ड नंबर-5 में 77.98 प्रतिशत, वार्ड नंबर-6 में 74.48 प्रतिशत तथा वार्ड नंबर-7 में 77.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वार्ड नम्बर एक से भाजपा की रंजना कालिया ने 178 मत प्राप्त किये व कांग्रेस की पुष्पा गर्ग ने 107 वोट लिए। रंजना कालिया 70 वोट से जीती। वार्ड नंबर दो से भाजपा के देवेंद्र कुमार ने 162 मत प्राप्त किए व कांग्रेस के ललित कुमार ने 86 मत लिए जिसमे भाजपा के देवेंद्र कुमार 76 वोट से विजयी हुए।
वार्ड नम्बर तीन से कांग्रेस के प्रदीप कुमार ने 118 मत प्राप्त किए व भाजपा के अजय गुप्ता ने 115 मत प्राप्त किये। प्रदीप कुमार 3 मतों से विजयी रहे। वार्ड नम्बर 4 से भाजपा की किरण गुप्ता ने 111 मत प्राप्त किए व कांग्रेस की सीमा गुप्ता ने 68 मत प्राप्त किए। किरण गुप्ता 43 वोट से विजयी रहे। वार्ड नम्बर पांच से भाजपा की तारा गुप्ता को 83 मत व कांग्रेस की सीमा शर्मा को भी 83 मत पड़े। मत बराबर होने पर पर्ची के जरिए सीमा शर्मा विजयी रही। इस वार्ड में 4 मत नोटा पर भी रहे।
वार्ड नम्बर 6 से भाजपा की वीना वर्मा ने 72 मत प्राप्त किए व कांग्रेस की वीना देवी ने 69 मत प्राप्त किये। वीना वर्मा 3 मत से विजयी रहे। वार्ड नम्बर 7 से कांग्रेस के अनुज गुप्ता ने 181 मत प्राप्त किये व भाजपा के राजेन्द्र सिंह ने 71 मत व देवेंद्र ठाकुर ने 148 मत प्राप्त किए।इस वार्ड में 4 वोट नोटा पर डाले गए। अनुज गुप्ता 33 मतों से विजयी रहे।