सोलन : सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के मामले में नालागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियोग पंजीकृत किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला तहसील नालागढ़ के गांव ढांग उपरली (डाकघर प्लासी कलां) निवासी नरजीत सिंह, पुत्र जय सिंह से जुड़ा है। आरोप है कि नरजीत सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से एक धर्म विशेष के संबंध में अत्यंत आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की थी। इस पोस्ट के सार्वजनिक होने से स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द व कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बन गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और भारतीय न्याय संहिता की सम्बंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।
घटना के बाद बद्दी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग अत्यंत जिम्मेदारी और संयम के साथ करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी धर्म, समुदाय या वर्ग की भावनाओं को आहत करने अथवा शांति का माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री पोस्ट या शेयर न करें। ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।