नाहन: विद्युत उपमंडल नाहन नंबर 1 के अंतर्गत आने वाले बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक जरूरी खबर है। नाहन शहर के जेबीटी (JBT) के नजदीकी क्षेत्र में कल यानी 19 मई को आवश्यक लाइन मरम्मत एवं रख-रखाव कार्य के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत उपमंडल के सहायक अभियंता (SDO) संतोष कुमार ने इस शट-डाउन के संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए उपभोक्ताओं को एडवांस में अपना प्लान तैयार रखने को कहा है।
सहायक अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि जेबीटी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुबह 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक कुल तीन घंटे के लिए बंद रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग द्वारा यह अस्थायी शट-डाउन उपभोक्ताओं की सुरक्षा और भविष्य में सुचारू बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ही लिया जा रहा है, ताकि लाइनों को दुरुस्त कर भविष्य में होने वाले ट्रिपिंग या तकनीकी फॉल्ट को रोका जा सके।

विद्युत विभाग ने इस रख-रखाव कार्य के दौरान प्रभावित क्षेत्र की आम जनता से सहयोग की अपील की है ताकि तकनीकी कर्मचारी समय पर काम पूरा कर सकें। इसके साथ ही SDO ने यह भी स्पष्ट किया कि यह शट-डाउन पूर्ण रूप से मौसम अनुकूल रहने की स्थिति में ही प्रभावी होगा। यदि कल मौसम खराब होता है या तेज बारिश होती है, तो इस निर्धारित कार्य को स्थगित भी किया जा सकता है।