नाहन: ब्रह्माकुमारी आश्रम में हर्षोल्लास से मना रक्षाबंधन, पार्षद पूजा तोमर ने लिया नारी सुरक्षा का संकल्प

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के नाहन स्थित सेवाकेंद्र में रक्षाबंधन का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, आध्यात्मिकता और आपसी भाईचारे की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में स्थानीय वार्ड पार्षद पूजा तोमर और पूर्व पार्षद विशाल तोमर ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। आश्रम की बहनों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें रक्षा सूत्र बांधा, तिलक लगाया और सुख-समृद्धि की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वार्ड पार्षद पूजा तोमर ने कहा कि ब्रह्माकुमारी आश्रम के इस पवित्र वातावरण में आकर और सभी से मिलकर उन्हें असीम शांति का अनुभव हुआ है, जिसके लिए वे आश्रम परिवार का आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच पवित्रता और स्नेह का प्रतीक है, जहां बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं और भाई जीवनभर उनकी रक्षा करने का वचन लेते हैं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि इस पर्व पर केवल अपनी बहनों ही नहीं, बल्कि समाज की हर नारी के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लें।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व पार्षद विशाल तोमर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था समाज में नैतिक मूल्यों, शांति और पवित्रता का संदेश देने का सराहनीय कार्य कर रही है, और ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सद्भाव व भाईचारे की नींव और मजबूत होती है। वहीं ब्रह्माकुमारी केंद्र की संचालिका ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए सभी को जीवन से बुराइयों का त्याग कर पवित्रता अपनाने का संकल्प दिलाया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।