नाहन में ओवरलोड वाहनों पर RTO की बड़ी कार्रवाई, नियमों की धज्जियां उड़ाने पर लगा 8 लाख का जुर्माना

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ओवरलोड भारी वाहनों (टिप्पर-ट्राला व मल्टी एक्सल) के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने शिकंजा कसते हुए महज एक दिन के भीतर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों से करीब 8 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।

राष्ट्रीय राजमार्ग 07 (कालाअंब-पांवटा साहिब) पर लगातार दौड़ते ओवरलोड वाहन आम जनता और अन्य वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बने हुए हैं। ये अनियंत्रित व ओवरलोड वाहन न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का भी मुख्य कारण बन रहे हैं।

मामले की जानकारी देते हुए आरटीओ सिरमौर सोना चौहान ने बताया कि आज खजूरना पुल के समीप एक भारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवहन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और व्यापक चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान काट कर मौके पर ही करीब 8 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

आरटीओ सोना चौहान ने बताया कि विशेषकर खजूरना पुल से नाहन दोसड़का के बीच चढ़ाई वाले हिस्से में भारी मल्टी-एक्सल वाहनों के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है। चढ़ाई पर इन बड़े वाहनों की गति अत्यंत धीमी हो जाती है, जिससे पीछे आने वाले छोटे वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और हादसों का जोखिम बढ़ जाता है।

शहर और मुख्य सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए परिवहन विभाग अब बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग तलाशने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। आरटीओ ने बताया कि इस विषय पर उपायुक्त सिरमौर से भी गहन विचार-विमर्श किया गया है। जल्द ही कोई नया रास्ता या व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि नाहन और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम व दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।