नाहन : जिला मुख्यालय नाहन के समीप दो-सड़का के पास एक सड़क दुर्घटना में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस थाना नाहन में दर्ज शिकायत के अनुसार, तेज रफ्तार व लापरवाही से गाड़ी चलाने पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मामले की जानकारी देते हुए आमिर ( तहसील कैराना, जिला शामली, यूपी) ने बताया कि उनका भाई मनव्वर ट्रक (HR 67 F 2064) चलाता था। बीते कल सुबह करीब 5:00 बजे वह पांवटा साहिब से पानीपत के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ ही एक अन्य ट्रक (HR 67 F 2243) भी चला, जिसे साबिर (तहसील रामपुर मनिहारन, जिला सहारनपुर, यूपी) चला रहा था।

सुबह करीब 8:30 बजे दो-सड़का नाहन से आगे मनव्वर ने अपना ट्रक सड़क किनारे खाली स्थान पर खड़ा किया और टायरों की हवा चेक करने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक चालक साबिर ने अपनी गाड़ी को तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए मनव्वर को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मनव्वर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ और जीएमसी सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने घटना की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना नाहन ने आरोपी ट्रक चालक साबिर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की आगामी जांच जारी है।