पांवटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रिहाइशी मकान से 119.46 ग्राम गांजा बरामद

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांवटा साहिब पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक व्यक्ति को 119.46 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा 7 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर अमल में लाई गई।

जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम बातापुल चौक के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गाँव बगाला बस्ती भाटावाली (डाकघर व तहसील पांवटा साहिब) का निवासी ‘वेदी’ अपने रिहाइशी मकान से गांजा बेचने का धंधा करता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी और नियमानुसार तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 119.46 ग्राम मादक पदार्थ (गांजा) बरामद करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगामी जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशा कहां से लाता था और किसे सप्लाई करने वाला था।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।