पांवटा साहिब: विश्वकर्मा चौक पर व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या, पुलिस जांच में जुटी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला स्थित पांवटा साहिब शहर के व्यस्त विश्वकर्मा चौक के समीप मंगलवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगर परिषद पांवटा साहिब की एमसी पार्किंग के पास तड़के लगभग 2:30 से 3:00 बजे के बीच 45 वर्षीय व्यक्ति की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। खून से लथपथ शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे व्यावसायिक क्षेत्र और आसपास के इलाकों में दहशत तथा सनसनी का माहौल बन गया।

वारदात में मारे गए व्यक्ति की पहचान भाव सिंह (45), पुत्र सही राम, निवासी गांव आवत (कोटी उतरू), तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, भाव सिंह शिलाई में सब्जी की दुकान चलाते थे और हर तीसरे दिन अपनी पिकअप गाड़ी लेकर ताजी सब्जियां खरीदने के लिए पांवटा साहिब मंडी आते थे। मंगलवार तड़के भी वह अपने व्यावसायिक कार्य के सिलसिले में पांवटा साहिब पहुंचे थे, जहां अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर उनका गला रेत दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पांवटा साहिब थाना पुलिस और डीएसपी मानवेन्द्र ठाकुर की अगुवाई में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पांवटा साहिब के DSP मानवेन्द्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं ।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।