नाहन : नगर पंचायत राजगढ़ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विक्रम जेलदार और उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने अपने-अपने पदों का कार्यभार संभाल लिया है। नगर पंचायत सभागार में आयोजित एक सादगीपूर्ण एवं गरिमामय समारोह के दौरान उपमंडलाधिकारी (नागरिक) राजगढ़ ने दोनों नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को पद, गोपनीयता तथा संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
इस शपथ ग्रहण समारोह की सबसे खास बात यह रही कि राजनीति के पारंपरिक मतभेदों को दरकिनार करते हुए सत्तापक्ष और विपक्ष के दिग्गज एक ही मंच पर नजर आए। कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष विक्रम जेलदार और भाजपा समर्थित उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर के निर्वाचन के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों प्रमुख दलों के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अमूमन राजनीतिक खींचतान के लिए जाने जाने वाले ऐसे आयोजनों में दोनों दलों के नेताओं की इस साझी मौजूदगी ने क्षेत्र में राजनीतिक सौहार्द और नए विकास युग का स्पष्ट संदेश दिया है।

समारोह को संबोधित करते हुए स्थानीय एसडीएम ने लोकतांत्रिक मूल्यों पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान और पारदर्शी प्रशासन देना है। उन्होंने भरोसा जताया कि नई कार्यकारिणी बिना किसी भेदभाव के राजगढ़ शहर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का काम करेगी।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित गणमान्य लोगों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा वार्ड पार्षदों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई दी और नगर के विकास में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।