सोलन: रोटरी क्लब सोलन एवं इनरव्हील क्लब सोलन के संयुक्त तत्वावधान में सोलन के सीनियर सेकंडरी स्कूल भोज आंजी में छात्र-छात्राओं के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, नशा मुक्ति विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर स्कूल के प्रिंसिपल अशोक शर्मा ने रोटरी व इनरव्हील क्लब से आए सदस्यों का स्वागत किया और स्कूली गतिविधियों की जानकारी दी।

रोटरी क्लब सोलन के प्रधान डॉ. संजीव उप्पल, सचिव बीसी सहगल, सदस्य एलएन शर्मा, दिनेश कश्यप, डॉ. भारती उप्पल, कृष्णा शर्मा, शैलजा व रंजन सहगल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से हाथ धोने, व्यक्तिगत साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ शौचालयों का उपयोग करने तथा स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि अच्छी स्वच्छता न केवल बीमारियों से बचाती है, बल्कि आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति विषय पर भी विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा उन्हें नशीले पदार्थों से दूर रहने, सही संगति चुनने, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं परामर्शदाताओं से खुलकर संवाद करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह संवादात्मक सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इस अवसर पर इनर व्हील क्लब सोलन की कल्पना परमार और कृष्णा शर्मा समेत स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।