सिरमौर: प्राथमिक शिक्षक संघ ने कलस्टर सिस्टम के खिलाफ खोला मोर्चा

नाहन : राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला सिरमौर की जिला कार्यकारिणी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आज को बीआरसीसी (BRCC) कार्यालय ददाहू में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्राथमिक शिक्षक संघ जिला सिरमौर के अध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा ने की। बैठक में जिला सिरमौर के सभी 16 खंडों के अध्यक्षों, महासचिवों, कोषाध्यक्षों, खंड कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और महिला विंग ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

बैठक में सबसे गंभीर मुद्दा कलस्टर सिस्टम प्रणाली को लेकर उठा। संघ ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि कलस्टर सिस्टम के नाम पर प्राथमिक शिक्षकों और प्राथमिक शिक्षा के मूल ढांचे के साथ जो छेड़छाड़ की जा रही है, वह बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संघ ने मांग की है कि इस व्यवस्था को तुरंत निरस्त कर प्राथमिक ढांचे को पूर्व की भांति यथावत रखा जाए।

कलस्टर प्रणाली के विरोध में संघ ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि 11 जुलाई से इस दमनकारी प्रणाली के खिलाफ एक विशाल ‘पदयात्रा’ शुरू होगी। यह पदयात्रा बिलासपुर से शुरू होकर शिमला सचिवालय तक जाएगी। सिरमौर जिला के समस्त प्राथमिक शिक्षक इस पदयात्रा को अपना पूर्ण सहयोग देंगे तथा 26 जुलाई को शत-प्रतिशत शिक्षक इस पदयात्रा और विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर अपनी ताकत दिखाएंगे।

संघ ने कुछ उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के प्रधानाचार्यों (Principals) के तानाशाही रवैये पर कड़ा ऐतराज जताया है। संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिक्षा निदेशक द्वारा जारी आदेशों में साफ कहा गया है कि कलस्टर सिस्टम के तहत प्रतिनियुक्ति (Deputation) के लिए शिक्षक उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं से लिए जाएं। इसके बावजूद, कई प्रधानाचार्य निदेशक के आदेशों की सरेआम अवहेलना कर रहे हैं और प्राथमिक विद्यालयों के अध्यापकों को जबरन प्रतिनियुक्ति पर भेजकर प्रताड़ित कर रहे हैं। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी भी प्रधानाचार्य ने ऐसे मनमाने आदेश जारी किए, तो प्राथमिक शिक्षक संघ इसका पुरजोर विरोध करेगा।

संगठन को मजबूती देने के लिए बैठक में एक अहम संगठनात्मक फैसला भी लिया गया। पिछले 3 महीने से खाली चल रहे वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद को भरने के लिए सभी 16 खंडों के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से रंगीलाल पुंडीर जी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर निर्वाचित किया।

इस महा-बैठक में जिला अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, महासचिव चतर सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष धर्मेन्द्र कश्यप, मुख्य सलाहकार सतपाल चौहान, महालेखाकार सुधीर पंवार, प्राथमिक शिक्षक संघ शिलाई से सुरेन्द्र राणा, खंड बकसाड़ के प्रधान कुलदीप ठाकुर, खंड रोनहाट के प्रधान नरेन्द्र सिंशेय, खंड सतौन के प्रधान अजय कंवर, खंड ददाहू के प्रधान सुनील , खंड सगोड़ाह के प्रधान कमल शर्मा सहित जिला व खंड कार्यकारिणी और महिला विंग के तमाम पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।