सिरमौर में रविवार बना हादसों का दिन, मारकंडा नदी में बहने से महिला की दर्दनाक मौत

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के लिए रविवार का दिन हादसों भरा साबित हुआ। पहले पांवटा साहिब में एक नाले में दो मासूम बच्चों के डूबने की हृदयविदारक घटना सामने आई और फिर नाहन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवनी में मारकंडा नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई।

नाहन के देवनी गांव में यह हादसा रविवार शाम लगभग 4:00 बजे के आसपास घटित हुआ। जानकारी के अनुसार, देवनी निवासी अनवरी (पत्नी गुलजार) अपनी बहू के साथ मारकंडा नदी पार कर रही थी। नदी का रुख देखकर महिला ने सुरक्षा के लिए अपनी बहू का हाथ पकड़ रखा था, लेकिन पानी का तेज बहाव दोनों के लिए जानलेवा साबित हुआ। नदी के बीचों-बीच अचानक आए तेज वेग के कारण सास का हाथ बहू की पकड़ से छूट गया और देखते ही देखते महिला तेज धाराओं के बीच ओझल हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और होमगार्ड की संयुक्त टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत और सघन तलाशी के बाद शाम लगभग 6:30 बजे घटनास्थल से करीब 200 से 300 मीटर आगे महिला का शव बरामद कर लिया गया।

एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को त्वरित सहायता के रूप में ₹25,000 की फौरी राहत राशि स्वीकृत की गई है, जो सोमवार को परिजनों को सौंप दी जाएगी।

लगातार घट रहे हादसों को देखते हुए एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने आम जनता से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में नदियां और नदी-नाले उफान पर रहते हैं, जिससे अचानक जलस्तर बढ़ना बेहद खतरनाक साबित होता है। एसडीएम ने स्थानीय निवासियों और राहगीरों से सख्त अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों और जल स्रोतों के पास बिल्कुल न जाएं और न ही जान जोखिम में डालकर इन्हें पार करने की कोशिश करें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।