नाहन : पांवटा साहिब के निहालगढ़ क्षेत्र में एक बेहद ही दुखद दुर्घटना सामने आई है। यहां जंबू खाला (बरसाती नाले) के पानी से भरे एक गहरे कुंड में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान निहालगढ़ निवासी 9 वर्षीय जाबिर (पुत्र अनवर) और जंबू खाला निवासी 8 वर्षीय सत्यम (पुत्र सिकंदर) के रूप में हुई है। इस भयानक हादसे के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे अन्य साथियों के साथ बाहर खेलने निकले थे। घूमते-घूमते वे जंबू खाला की तरफ चले गए, जहां बरसात के कारण पानी जमा होकर एक गहरा कुंड सा बन गया था। खेलते समय अचानक दोनों मासूमों का पैर फिसल गया और वे खाले के गहरे पानी में जा गिरे। साथ मौजूद अन्य बच्चों के रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े।

परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को कुंड से बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों मासूमों को ‘ब्रॉट डेड’ (मृत अवस्था में लाया गया) घोषित कर दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके व अस्पताल का दौरा किया। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के सही कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। एक साथ दो मासूमों की मौत से हर कोई स्तब्ध और गमगीन है।