नाहन : जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने पिछले 14 वर्षों से फरार चल रहे एक भगोड़े उद्घोषित अपराधी को उत्तराखंड के विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी विजय कुमार उर्फ विक्की (पुत्र शावणू राम), निवासी पुरुवाला (जिला सिरमौर), के खिलाफ वर्ष 2012 में पुलिस थाना पांवटा साहिब में भारतीय दंड संहिता की धारा 457 और 380 के तहत मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से लगातार फरार चल रहा था और अदालत द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।

पीओ सेल की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी विकासनगर (उत्तराखंड) में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विकासनगर में दबिश दी और आरोपी विजय कुमार को धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस थाना पांवटा साहिब लाया गया है, जहां उसके खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को नियमानुसार जल्द ही माननीय अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।