राजगढ़ के मंडियाघाट स्कूल के 10 मेधावी छात्रों को मिली छात्रवृत्ति, बायोस्टेड कंपनी ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंडियाघाट में बायोस्टेड कंपनी के 40वें स्थापना दिवस पर छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कंपनी ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) निभाते हुए ‘प्रगति छात्रवृत्ति योजना’ के तहत स्कूल के 10 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को 3-3 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की। कार्यक्रम में कुल 30 हजार रुपये की राशि विद्यार्थियों को वितरित की गई, जिससे विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।

बायोस्टेड कंपनी पिछले 6 वर्षों से अपने स्थापना दिवस को केवल औपचारिक उत्सव तक सीमित न रखकर शिक्षा और सामाजिक सरोकार से जोड़ रही है। कंपनी का उद्देश्य “पढ़ाई में सहारा, कर्तव्य हमारा” की सोच के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के होनहार बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में पहुंचे बायोस्टेड कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक जगदीश वालिया ने बताया कि इस योजना के तहत हिमाचल प्रदेश में हर वर्ष 12 स्कूलों का चयन कर 120 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाती है, जिस पर सालाना लगभग 3.60 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इस वर्ष सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल से मंडियाघाट स्कूल को चुना गया है। उन्होंने साझा किया कि देशभर में कंपनी द्वारा हर साल लगभग 4 हजार विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर शिक्षा को संबल दिया जा रहा है।

स्कूल की प्रधानाचार्य शालिनी शर्मा और समस्त विद्यालय प्रशासन ने बायोस्टेड कंपनी की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए यह छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और पढ़ाई के प्रति उत्साह को बढ़ाने वाला एक बड़ा माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कंपनी भविष्य में भी इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं का मार्गदर्शन और सहयोग करती रहेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।